बरसाने की लठमार होली जैसी मशहूर है बिहार की छाता होली

0
63

समस्तीपुर । आमतौर पर रंगों का त्योहार होली का पर्व पूरे देश में मनाया जाता है। इस वर्ष भी होली को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में है। वैसे, इस पर्व को मनाने को लेकर अलग अलग क्षेत्रों में अलग अलग परंपराएं भी देखने को मिलती हैं। ऐसे में बिहार के समस्तीपुर के एक गांव में अनोखी होली खेली जाती है, जिसमें आसपास के लोग भी हिस्सा लेने पहुंचते हैं। देश और दुनिया में जैसे मथुरा, ब्रज, वृंदावन की होली मशहूर है, वैसे ही समस्तीपुर के धमौन इलाके की छाता या छतरी होली प्रसिद्ध है। हालांकि इस छाता होली का उल्लास थोड़ा अलग होता है। इसकी तैयारी भी एक पखवाड़े पहले से ही शुरू हो जाती है।
बांस से तैयारी की जाती है छतरी
समस्तीपुर जिले के पटोरी अनुमंडल क्षेत्र के पांच पंचायतों वाले विशाल गांव धमौन में दशकों से पारंपरिक रूप से मनायी जानेवाली छाता होली को लेकर इस बार उत्साह दोगुना है। होली के दिन हुरिहारों की टोली बांस की छतरी तैयार करते हैं। इस बांस की छतरी के साथ फाग गाते निकलती है। पूरा इलाका रंगों से सराबोर हो जाता है। सभी टोलों में बांस के बड़े बडे़ छाते तैयार किए जाते हैं। इन्हें कागजों तथा अन्य सजावटी सामानों से आकर्षक ढंग से सजाया जाता है। धमौन में होली की तैयारी एक पखवाड़ा पूर्व ही शुरू हो जाती है। प्रत्येक टोले में बांस के विशाल, कलात्मक छाते बनाए जाते हैं।
पूरे गांव में तैयार होती हैं 30 से 35 छतरी
पूरे गांव में करीब 30 से 35 ऐसी ही छतरियों का निर्माण होता है। होली के दिन का प्रारंभ छातों के साथ सभी ग्रामीण अपने कुल देवता स्वामी निरंजन मंदिर परिसर में एकत्र होकर अबीर-गुलाल चढ़ाते हैं। इसके बाद ढोल की थाप और हारमोनियम की लय पर फाग के गीतों के साथ लोग गले मिलते हैं। दिनभर यही कार्यक्रम चलता है। ग्रामीण अपने टोले के छातों के साथ शोभा यात्रा में तब्दील होकर महादेव स्थान के लिए प्रस्थान करते हैं। परिवारों में मिलते-जुलते खाते-पीते यह शोभा यात्रा मध्य रात्रि महादेव स्थान पहुंचती है। जाने के क्रम में ये लोग फाग गाते हैं, लेकिन लौटने के क्रम में ये चैती गाते लौटते हैं। इस समय फाल्गुन मास समाप्त होकर चैत्र माह की शुरुआत हो जाती है।
छाता होली में शामिल होते हैं करीब 70 हजार लोग
ग्रामीण बताते हैं कि इस दौरान गांव के लोग रंग और गुलाल की बरसात करते हैं। कई स्थानों पर शरबत और ठंडाई की व्यवस्था होती है। ग्रामीणों का कहना है कि 5 पंचायत उत्तरी धमौन, दक्षिणी धमौन, इनायतपुर, हरपुर सैदाबाद और चांदपुर की लगभग 70 हजार आबादी इस छाता होली में हिस्सा लेती है। इसके लिए करीब 50 मंडली बनाई जाती है। एक मंडली में 20 से 25 लोग शामिल होते हैं। इस अनोखी होली की शुरूआत कब हुई इसकी प्रमाणिक जानकारी तो कहीं उपलब्ध नहीं है।
1930-35 में शुरू हुई थी छाता होली
गांव के बुजुर्ग हरिवंश राय बताते हैं कि इस होली की शुरुआत 8 दशक पहले करीब 1930-35 में बताई जाती है। अब यह होली इस इलाके की पहचान बन गई है। आसपास के क्षेत्र के सैकड़ों लोग इस आकर्षक और अनूठी परंपरा को देखने के लिए जमा होते हैं। ग्रामीण बताते हैं कि पहले एक ही छतरी तैयार की जाताी थी, लेकिन धीरे-धीरे इन छतरियों की संख्या बढ़ती चली गई। गांव के बुजर्ग मानते हैं कि आज के युवा भी इस परंपरा को जिंदा रखे हुए हैं। उनका मानना है कि इससे केल देवता प्रसन्न होते हैं और गांवों में एक साल तक खुशहाली बनी रहती है।

Previous articleरियल एस्टेट में जमकर निवेश कर रहीं महिलाएं
Next articleकभी फीस न भर पाने के कारण छूट रही थी पढ़ाई, आज हिजाब पहन उड़ा रही हैं प्‍लेन
शुभजिता की कोशिश समस्याओं के साथ ही उत्कृष्ट सकारात्मक व सृजनात्मक खबरों को साभार संग्रहित कर आगे ले जाना है। अब आप भी शुभजिता में लिख सकते हैं, बस नियमों का ध्यान रखें। चयनित खबरें, आलेख व सृजनात्मक सामग्री इस वेबपत्रिका पर प्रकाशित की जाएगी। अगर आप भी कुछ सकारात्मक कर रहे हैं तो कमेन्ट्स बॉक्स में बताएँ या हमें ई मेल करें। इसके साथ ही प्रकाशित आलेखों के आधार पर किसी भी प्रकार की औषधि, नुस्खे उपयोग में लाने से पूर्व अपने चिकित्सक, सौंदर्य विशेषज्ञ या किसी भी विशेषज्ञ की सलाह अवश्य लें। इसके अतिरिक्त खबरों या ऑफर के आधार पर खरीददारी से पूर्व आप खुद पड़ताल अवश्य करें। इसके साथ ही कमेन्ट्स बॉक्स में टिप्पणी करते समय मर्यादित, संतुलित टिप्पणी ही करें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

4 × 1 =