भारतीय मूल के न्यायाधीश दक्षिण अफ्रीका की सर्वोच्च न्यायिक पीठ में नियुक्त

जोहानिसबर्ग । भारतीय मूल के नारंद्रन ‘जोडी’ कोल्लापन को दक्षिण अफ्रीका की सर्वोच्च न्यायिक पीठ- संवैधानिक अदालत में नियुक्त किया गया है। दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामाफोसा ने शुक्रवार को 64 वर्षीय कोल्लापन और राम्माका स्टीवन माथोपो की नियुक्ति की घोषणा की। उन्हें सार्वजनिक साक्षात्कारों की लंबी प्रक्रिया के बाद संविधान पीठ में शामिल किया गया है।
इस पीठ में दो रिक्तियों के लिए रामाफोसा से इस साल अक्टूबर में कोल्लापन और माथोपो समेत पांच उम्मीदवारों के नाम की सिफारिश की गई थी। कोल्लापन और माथोपो एक जनवरी, 2022 को कार्यभार संभालेंगे। इससे पहले भी संविधान पीठ में नियुक्ति के लिए कोल्लापन का दो बार साक्षात्कार हुआ था, लेकिन वह इसी संस्थान के कार्यवाहक न्यायाधीश के तौर पर दो बार सेवाएं देने के बावजूद असफल रहे थे।
राष्ट्रपति कार्यालय ने कहा कि कोल्लापन और माथोपो का कानूनी पेशे और न्यायपालिका में शानदार करियर रहा है। कोल्लापन ने 1982 में वकालत शुरू की थी। उन्होंने 1997 में दक्षिण अफ्रीकी मानवाधिकार आयोग के आयुक्त का पद ग्रहण किया और 2002 से 2009 तक सात वर्ष के लिए आयोग के अध्यक्ष के रूप में कार्य किया। उन्हें अप्रैल 2016 में दक्षिण अफ्रीकी कानून सुधार आयोग के अध्यक्ष के रूप में नियुक्त किया गया था।

शुभजिता

शुभजिता की कोशिश समस्याओं के साथ ही उत्कृष्ट सकारात्मक व सृजनात्मक खबरों को साभार संग्रहित कर आगे ले जाना है। अब आप भी शुभजिता में लिख सकते हैं, बस नियमों का ध्यान रखें। चयनित खबरें, आलेख व सृजनात्मक सामग्री इस वेबपत्रिका पर प्रकाशित की जाएगी। अगर आप भी कुछ सकारात्मक कर रहे हैं तो कमेन्ट्स बॉक्स में बताएँ या हमें ई मेल करें। इसके साथ ही प्रकाशित आलेखों के आधार पर किसी भी प्रकार की औषधि, नुस्खे उपयोग में लाने से पूर्व अपने चिकित्सक, सौंदर्य विशेषज्ञ या किसी भी विशेषज्ञ की सलाह अवश्य लें। इसके अतिरिक्त खबरों या ऑफर के आधार पर खरीददारी से पूर्व आप खुद पड़ताल अवश्य करें। इसके साथ ही कमेन्ट्स बॉक्स में टिप्पणी करते समय मर्यादित, संतुलित टिप्पणी ही करें।