अरुण जेटली, सुषमा स्वराज, जॉर्ज फर्नांडीस और विश्वेश तीर्थ स्वामी को मरणोपरांत पद्म विभूषण

नयी दिल्ली : सरकार ने शनिवार शाम पद्म पुरस्कारों की घोषणा कर दी। इस बार 7 हस्तियों को पद्म विभूषण, 16 हस्तियों को पद्म भूषण और 118 शख्सियतों को पद्मश्री के लिए चुना गया है। मोदी सरकार में मंत्री रहे अरुण जेटली, सुषमा स्वराज और मनोहर पर्रिकर को मरणोपरांत पद्म पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। जेटली, सुषमा को पद्म विभूषण और पर्रिकर को पद्म भूषण के लिए चुना गया है। वहीं, पेजावर मठ के प्रमुख विश्वेश तीर्थ स्वामीजी को भी मरणोपरांत पद्म विभूषण के लिए चुना गया है। स्वामीजी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आध्यात्मिक गुरु माने जाते थे। वाजपेयी सरकार में रक्षा मंत्री रहे जॉर्ज फर्नांडीस को मरणोपरांत पद्म विभूषण मिलेगा।

मैरी कॉम, सिंधु समेत खेल जगत की 8 हस्तियों को सम्मान
वर्ल्ड चैम्पियन बॉक्सर मैरी कॉम और भारत की नंबर वन बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधु को पद्मभूषण के लिए चुना गया है। पूर्व तेज गेंदबाज जहीर खान, हॉकी कप्तान रानी रामपाल को पद्मश्री दिया जाएगा। कुल 8 खिलाड़ियों-पूर्व खिलाड़ियों को पद्म पुरस्कार के लिए चुना गया है।

मॉरिशस के पूर्व राष्ट्रपति समेत 17 विदेशियों को भी पद्म पुरस्कार
मॉरिशस के पूर्व राष्ट्रपति अनिरूद्ध जगन्नाथ समेत 17 विदेशियों को पद्म पुरस्कारों से नवाजा जाएगा। जगन्नाथ को पद्म विभूषण से सम्मानित किया जाएगा। वहीं, भारत में बांग्लादेश के पूर्व राजदूत सैयद मुअज्जिम अली और अमेरिका के प्रोफेसर जगदीश सेठ को पद्म भूषण से सम्मानित किया जाएगा। ब्रिटेन के दो सांसद बॉब ब्लैकमैन और बैरी गार्डनर को पद्मश्री के लिए चुना गया है।
66 साल में 4756 हस्तियों को पद्म पुरस्कार
पद्म पुरस्कार 1954 से दिए जा रहे हैं। अब तक 4756 हस्तियों को पद्म पुरस्कार दिए जा चुके हैं। 48 हस्तियों को भारत रत्न, 314 को पद्म विभूषण, 1271 को पद्म भूषण और 3123 को पद्मश्री दिया गया है। सबसे ज्यादा कला क्षेत्र की 1033 हस्तियों को यह सम्मान मिला है। विदेशियों में सबसे ज्यादा 114 अमेरिकियों को पद्म पुरस्कार दिए गए हैं। देश में दिल्ली से 815 और महाराष्ट्र से 799 हस्तियों को पद्म पुरस्कार से सम्मानित किया गया है।

शुभजिता

शुभजिता की कोशिश समस्याओं के साथ ही उत्कृष्ट सकारात्मक व सृजनात्मक खबरों को साभार संग्रहित कर आगे ले जाना है। अब आप भी शुभजिता में लिख सकते हैं, बस नियमों का ध्यान रखें। चयनित खबरें, आलेख व सृजनात्मक सामग्री इस वेबपत्रिका पर प्रकाशित की जाएगी। अगर आप भी कुछ सकारात्मक कर रहे हैं तो कमेन्ट्स बॉक्स में बताएँ या हमें ई मेल करें। इसके साथ ही प्रकाशित आलेखों के आधार पर किसी भी प्रकार की औषधि, नुस्खे उपयोग में लाने से पूर्व अपने चिकित्सक, सौंदर्य विशेषज्ञ या किसी भी विशेषज्ञ की सलाह अवश्य लें। इसके अतिरिक्त खबरों या ऑफर के आधार पर खरीददारी से पूर्व आप खुद पड़ताल अवश्य करें। इसके साथ ही कमेन्ट्स बॉक्स में टिप्पणी करते समय मर्यादित, संतुलित टिप्पणी ही करें।