जापानी पीएम शिंजो आबे और एसपी बालासुब्रमण्यम समेत सात हस्तियों को पद्म विभूषण, 102 को पद्म श्री

नई दिल्‍ली, एजेंसियां। भारत सरकार ने पद्म पुरस्‍कारों का एलान किया है। समाचार एजेंसी एएनआइ के मुताबिक, जापान के पूर्व प्रधान मंत्री शिंजो आबे, गायक एसपी बालासुब्रमण्यम (मरणोपरांत), सैंड कलाकार सुदर्शन साहू, पुरातत्वविद बीबी लाल को पद्म विभूषण से सम्मानित किया जाएगा। पद्म विभूषण से कुल सात हस्तियों को सम्‍मानित किया गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पद्म पुरस्‍कारों के एलान पर ट्वीट कर कहा कि हमें उन सभी पर गर्व है, जिन्हें पद्म पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। भारत राष्ट्र और मानवता के लिए काम करने वाली हस्तियों के योगदान को सम्‍मानित करता रहा है। जीवन के विभिन्न क्षेत्रों के इन असाधारण विभूतियों ने दूसरों के जीवन में गुणात्मक परिवर्तन लाने का काम किया। पद्म भूषण पुरस्कार से सम्मानित होने वालों में पूर्व लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन, प्रधानमंत्री के पूर्व प्रधान सचिव नृपेंद्र मिश्रा, पूर्व केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान (मरणोपरांत), असम के पूर्व सीएम तरुण गोगोई (मरणोपरांत) और धर्मगुरु कल्‍वे सादिक (मरणोपरांत) शामिल हैं। कुल 10 लोगों को पद्म भूषण पुरस्कार दिया गया है। इनमें केशुभाई पटेल, चंद्रशेखर कंबरा, तरलोचन सिंह भी शामिल हैं। गोवा की पूर्व राज्यपाल मृदुला सिन्हा, ब्रिटिश फिल्म निर्देशक पीटर ब्रुक, फादर वलिस (मरणोपरांत), प्रोफेसर चमन लाल सप्रू (मरणोपरांत) समेत कुल 102 हस्तियों को पद्म श्री पुरस्कार से सम्‍मानित किया जाएगा।

शिंजो आबे (जापान) : जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे के कार्यकाल में भारत-जापान के संबंधों में काफी प्रगति हुई थी। उन्‍हें लोकसेवा के लिए पद्म विभूषण सम्मान दिया गया है। उन्होंने खराब चल रहे स्वास्थ्य के कारण अपने पद से इस्तीफा दे दिया था।

एसपी बालासुब्रमण्यम (मरणोपरांत) : गायक एसपी बालासुब्रमण्यम को कला क्षेत्र में योगदान के लिए पद्म विभूषण सम्मान दिया जा रहा है। उन्‍होंने तेलुगू, तमिल, कन्नड़, हिंदी और मलयालम भाषाओं में हजारो गाने गाए थे।

सुदर्शन साहू : ओडिशा के चर्चित मूर्तिकार सुदर्शन साहू को कला के क्षेत्र में योगदान के लिए पद्म विभूषण से सम्‍मानित किया गया है। उनकी बनाई कलाकृतियों की चर्चा दुनियाभर में होती है।

चिकित्‍सा और विज्ञान में दिया बड़ा योगदान 

कर्नाटक के प्रसिद्ध हृदय रोग विशेषज्ञ हेगड़े को चिकित्सा के क्षेत्र में योगदान के लिए पद्म विभूषण सम्‍मान दिया गया है।  वहीं भारतीय मूल के अमेरिकी भौतिक विज्ञानी नरिंदर सिंह कपानी को विज्ञान और प्रौद्योगिकी में योगदान के लिए पद्म विभूषण से सम्‍मानित किया गया है।

शुभजिता

शुभजिता की कोशिश समस्याओं के साथ ही उत्कृष्ट सकारात्मक व सृजनात्मक खबरों को साभार संग्रहित कर आगे ले जाना है। अब आप भी शुभजिता में लिख सकते हैं, बस नियमों का ध्यान रखें। चयनित खबरें, आलेख व सृजनात्मक सामग्री इस वेबपत्रिका पर प्रकाशित की जाएगी। अगर आप भी कुछ सकारात्मक कर रहे हैं तो कमेन्ट्स बॉक्स में बताएँ या हमें ई मेल करें। इसके साथ ही प्रकाशित आलेखों के आधार पर किसी भी प्रकार की औषधि, नुस्खे उपयोग में लाने से पूर्व अपने चिकित्सक, सौंदर्य विशेषज्ञ या किसी भी विशेषज्ञ की सलाह अवश्य लें। इसके अतिरिक्त खबरों या ऑफर के आधार पर खरीददारी से पूर्व आप खुद पड़ताल अवश्य करें। इसके साथ ही कमेन्ट्स बॉक्स में टिप्पणी करते समय मर्यादित, संतुलित टिप्पणी ही करें।