टाइम्स की 100 प्रभावशाली हस्तियों की सूची में महिलाओं का दबदबा

नयी दिल्ली  : टाइम मैगजीन ने 2021 में दुनिया की 100 प्रभावशाली हस्तियों की सूची जारी की है। इनमें से आधी से ज्यादा जगहों पर यानी 54 महिला शख्सियतों ने जगह बनाई है। खास बात यह है कि टाइम ने दुनिया की जिन हस्तियों को 6  में रखा है, उनमें से 5 श्रेणियों में महिलाओं ने पुरुषों को पीछे छोड़ दिया है। छठी श्रेणी इनोवेटर्स की है और उसमें भी महिलाओं का दबदबा कायम है। हालांकि, उसमें उनको शीर्ष स्थानों पर जगह नहीं मिली है। फरवरी, 2016 की बात है, जब टाइम मैगजीन ने कॉलेज क्लास में 100 सबसे ज्यादा पढ़ी जाने वाली महिला लेखिकाओं की सूची जारी की। बवाल तब मचा, जब सूची में 97वें पायदान पर किसी महिला को नहीं, बल्कि एक पुरुष लेखक एवलिन वॉग को रखा गया था। बहुत बवाल हुआ, लोगों ने यहां तक कह दिया कि टाइम में किस तरह का स्टाफ रखा जाता है, जिन्हें यह तक नहीं पता कि कौन महिला है और कौन पुरुष। खैर जो भी हो, इस गलती के बावजूद टाइम की साख नहीं घटी। अब उसी टाइम ने दुनियाभर की महिला शख्सियतों को खासी तवज्जो दी है। जानिए, कौन हैं टाइम की लिस्ट में जगह पाने वाली प्रभावशाली महिलाएं-
आइकंस: अपनी बेबाकी और जुदा अंदाज के लिए जानी जाती हैं मेगन
टाइम की आइकंस की श्रेणी में ब्रिटेन के प्रिंस हैरी के साथ उनकी पत्नी मेगन मर्केल ने सबसे आगे जगह बनाई है। इस श्रेणी में 16 शख्सियतें हैं, जिसमें 10 महिलाएं हैं। मेगन अपनी बेबाकी और स्टाइल के लिए चर्चित हैं। इस साल उन्होंने ओपरा विनफ्रे को दिए इंटरव्यू में बर्मिंघम पैलेस पर कई आरोप लगाकर तहलका मचा दिया था। इस सूची में दुनिया की पूर्व नंबर वन जापान की टेनिस खिलाड़ी नाओमी ओसाका का भी नाम है, जिन्होंने इस साल मानसिक परेशानियों के चलते इस साल फ्रेंच ओपन से नाम वापस ले लिया था। इसी में नस्लवाद के खिलाफ लड़ाई लड़ने वाली भारतीय अमेरिकी मंजूषा पी कुलकर्णी का भी नाम है।

पायनियर्स: पॉप सिंगर बेलिश में है दुनिया बदलने की ताकत
टाइम की पायनियर्स श्रेणी में 18 हस्तियां हैं, जिनमें 11 महिलाएं हैं। इस कैटेगरी में 4 साल की उम्र से गीत लिखने वाली अमेरिकी गीतकार और पॉप सिंगर बेली एलिश आगे रही हैं, जिन्होंने इस साल 7वां ग्रैमी अवॉर्ड जीता है। इसमें सुनीसा ली, फेलिस एमिडो जैसी प्रभावशाली महिलाओं के नाम हैं, जिनमें दुनिया को बदलने की ताकत है।
टाइटंस : जैसी थीं, वैसी ही खुद को पेश किया और बनाई मिसाल
इस श्रेणी में कुल 13 लोगों को शामिल किया गया है, जिसमें 7 महिलाएं हैं। इसे अमेरिका की जिम्नास्ट स्टार सिमोन बाइल्स लीड कर रही हैं। टोक्यो ओलंपिक के दौरान वह यूथ आइकन रहीं। शीर्ष एथलीटों के बीच अवसाद के मुद्दे को उठाकर टोक्यो ओलंपिक में सुर्खियों में आने के बाद सिमोन बाइल्स मेट गाला में रेड कार्पेट पर सुर्खियां बटोरी थीं। उन्होंने एपल के सीईओ टिम कुक को भी पीछे छोड़ दिया है। वहीं, शोंडा राइमस, निकोल होन्नाह जैसी महिलाएं हैं, जिन्होंने दुनिया को राह दिखाई है।

कलाकार : महिला अधिकारों की वकालत कर रहीं केट
इस श्रेणी में 16 में से 7 महिलाएं हैं, जिसकी अगुवाई टाइटैनिक फेम अभिनेत्री-केट विंस्लेट कर रही हैं। केट ने हाल ही में अफगानिस्तान में महिलाओं का समर्थन किया था। इसके अलावा वह कई मंचों से महिलाओं के अधिकारों की वकालत करती रही हैं।

नेता : ममता बनर्जी, कमला हैरिस भी शामिल, ओकोंजो टॉप पर
इस कैटेगरी में 20 में 9 महिलाएं हैं। इसे अफ्रीकी मूूल की नगोजी ओकोंजो लीड कर रही हैं। विश्व व्यापार संगठन की महानिदेशक ओकोंजो ने अपने फैसलों से दुनिया में छाप छोड़ी है। पहली बार किसी अश्वेत महिला को संगठन की कमान दी गई है। इस सूची में पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को भी इस सूची में जगह दी गई है। इसमें अमेरिका की उपराष्ट्रपति और भारतीय मूल की कमला हैरिस का भी नाम है।
इनोवटर्स: आधुनिक खयालों से मचाई दुनिया में हलचल
इस कैटेगरी में 17 में 10 महिलाएं हैं, मगर इसकी अगुवाई ताईवानी अमेरिकी अरबपति कारोबारी जेनसिंग हुआंग कर रहे है। हालांकि, महिलाओं का इस कैटेगरी में दबदबा है। इसमें टेस्ला के सीईओ एलन मस्क का भी नाम है। इसके अलावा, एड्रियाने बैनफील्ड नोरिस, विलो स्मिथ और जाडा पिंकिट स्मिथ जैसी आधुनिक विचारों वाली महिलाएं हैं, जिन्होंने हलचल मचाई है।

शुभजिता

शुभजिता की कोशिश समस्याओं के साथ ही उत्कृष्ट सकारात्मक व सृजनात्मक खबरों को साभार संग्रहित कर आगे ले जाना है। अब आप भी शुभजिता में लिख सकते हैं, बस नियमों का ध्यान रखें। चयनित खबरें, आलेख व सृजनात्मक सामग्री इस वेबपत्रिका पर प्रकाशित की जाएगी। अगर आप भी कुछ सकारात्मक कर रहे हैं तो कमेन्ट्स बॉक्स में बताएँ या हमें ई मेल करें। इसके साथ ही प्रकाशित आलेखों के आधार पर किसी भी प्रकार की औषधि, नुस्खे उपयोग में लाने से पूर्व अपने चिकित्सक, सौंदर्य विशेषज्ञ या किसी भी विशेषज्ञ की सलाह अवश्य लें। इसके अतिरिक्त खबरों या ऑफर के आधार पर खरीददारी से पूर्व आप खुद पड़ताल अवश्य करें। इसके साथ ही कमेन्ट्स बॉक्स में टिप्पणी करते समय मर्यादित, संतुलित टिप्पणी ही करें।