नहीं रहे मुहम्मद अली से दो-दो हाथ करने वाले कौर सिंह

चंडीगढ़ । पूर्व एशियाई मुक्केबाजी चैंपियन कौर सिंह का हरियाणा के कुरुक्षेत्र में एक अस्पताल में गुरुवार को निधन हो गया। वह 74 वर्ष के थे और कई स्वास्थ्य समस्याओं का इलाज करा रहे थे। भारतीय सेना से सेवानिवृत्त होने के बाद वह पंजाब के संगरूर जिले में अपने पैतृक गांव खनाल खुर्द में रह रहे थे। जो लोग कौर सिंह के बारे में नहीं जानते हैं, बता दें कि वह लीजेंड मुहम्मद अली से एक प्रदर्शनी मैच में भिड़े थे।
कौर सिंह ने अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में 6 स्वर्ण पदक जीते थे जिसमें 1982 एशियाई खेलों का स्वर्ण पदक शामिल था। उनके यादगार मैचों में से एक मुकाबला मुक्केबाजी लीजेंड मुहम्मद अली के साथ चार राउंड का प्रदर्शनी मैच था जो 27 जनवरी 1980 को दिल्ली में लड़ा गया था। सिंह ने नयी दिल्ली में 1982 के एशियाई खेलों में हैवीवेट वर्ग में स्वर्ण पदक जीता था।
इस महीने पंजाब सरकार ने स्कूली पाठ्यक्रम में चार महान खिलाड़ियों की जीवन गाथा प्रकाशित करने की योजना की घोषणा की थी जिसमें कौर सिंह एक थे। तीन अन्य खिलाड़ी हॉकी ओलम्पियन बलबीर सिंह सीनियर, महान एथलीट मिल्खा सिंह और भारत के पहले अर्जुन अवॉर्डी और ओलिंपियन एथलीट गुरबचन सिंह रंधावा हैं। उन्हें नौंवीं और दसवीं कक्षा की शारीरिक शिक्षा की किताबों में शामिल किया गया है।
वित्त मंत्री हरपाल चीमा ने शोक व्यक्त करते हुए कहा, ‘कौर सिंह का निधन देश के लिए एक बड़ा नुकसान है। मैंने सम्बंधित अधिकारियों को उनका पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांव लाने के निर्देश दिए हैं। हम उनके परिवार को हरसंभव मदद करेंगे।’ उनकी उपलब्धियों के लिए कौर सिंह को 1982 में अर्जुन पुरस्कार, 1983 में पद्मश्री और 1988 में विशिष्ट सेवा पदक प्रदान किया गया था।

शुभजिता

शुभजिता की कोशिश समस्याओं के साथ ही उत्कृष्ट सकारात्मक व सृजनात्मक खबरों को साभार संग्रहित कर आगे ले जाना है। अब आप भी शुभजिता में लिख सकते हैं, बस नियमों का ध्यान रखें। चयनित खबरें, आलेख व सृजनात्मक सामग्री इस वेबपत्रिका पर प्रकाशित की जाएगी। अगर आप भी कुछ सकारात्मक कर रहे हैं तो कमेन्ट्स बॉक्स में बताएँ या हमें ई मेल करें। इसके साथ ही प्रकाशित आलेखों के आधार पर किसी भी प्रकार की औषधि, नुस्खे उपयोग में लाने से पूर्व अपने चिकित्सक, सौंदर्य विशेषज्ञ या किसी भी विशेषज्ञ की सलाह अवश्य लें। इसके अतिरिक्त खबरों या ऑफर के आधार पर खरीददारी से पूर्व आप खुद पड़ताल अवश्य करें। इसके साथ ही कमेन्ट्स बॉक्स में टिप्पणी करते समय मर्यादित, संतुलित टिप्पणी ही करें।