मेजबान महाराष्ट्र ने 228 पदक के साथ खेलो इंडिया ट्रॉफी जीती

मुम्बई : मेजबान महाराष्ट्र 85 स्वर्ण, 62 रजत और 81 कांस्य सहित कुल 228 पदक जीतकर खेलो इंडिया यूथ गेम्स (केआईवाईजी)-2019 में रविवार को ओवरऑल ट्रॉफी हासिल की।
केंद्रीय मानव संसाधन मंत्री प्रकाश जावडे़कर और महाराष्ट्र के खेल मंत्री विनोद तावड़े ने शिव छत्रपति स्पोटर्स कॉम्पलेक्स के बैडमिंटन हॉल में आयोजित समापन समारोह में महाराष्ट्र के खिलाड़ियों और अधिकारियों को ट्रॉफी प्रदान की। जावडे़कर ने इस मौके पर कहा कि खिलाड़ियों के इस प्रदर्शन ने प्रधानमंत्री के ‘पांच मिनट और’ के संदेश को सार्थक किया है। साथ ही कहा कि सरकार हर स्कूल में एक घंटे के खेल पीरियड को लाने को लेकर प्रतिबद्ध है।
तावड़े ने कहा कि वह ‘सिर्फ पांच मिनट’ नहीं चाहते बल्कि 50 मिनट चाहते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों की हौसलाअफजाई भी की। महाराष्ट्र खेलो इंडिया स्कूल गेम्स 2018 के विजेता हरियाणा से आगे रहा। हरियाणा ने 62 स्वर्ण, 56 रजत और 60 कांस्य पदक सहित 178 पदक जीतकर दूसरा स्थान हासिल किया।
दिल्ली 48 स्वर्ण, 37 रजत और 51 कांस्य पदक सहित 136 पदक जीतकर तीसरे स्थान पर रहा। खेलों के आखिरी दिन 15 स्वर्ण पदक दांव पर थे। इनमें से आठ पदक तीरंदाजी में थे, जहां मेजबान महाराष्ट्र, झारखंड और हरियाणा ने दो-दो पदक जीते। दिल्ली और पंजाब ने एक-एक पदक हासिल किया। हरियाणा ने हाकी में महिलाओं के अंडर-21 वर्ग के फाइनल में स्वर्ण पदक जीता। यह हरियाणा का हाकी में तीसरा स्वर्ण है। उत्तर प्रदेश, बंगाल, तमिलनाडु और केरल ने वॉलीबाल में स्वर्ण पदक जीते। टेबल टेनिस में गुजरात के मानुश शाह ने अंडर-21 वर्ग में स्वर्ण अपने नाम किया जबकि पश्चिम बंगाल की सुरभि पटवारी ने महिलाओं के अंडर-21 वर्ग में सोने का तमगा हासिल किया।
वॉलीबाल में तमिलनाडु और केरल को स्वर्ण
तमिलनाडु और केरल ने खेलो इंडिया यूथ गेम्स में वॉलीबाल प्रतियोगिता के अंडर-21 में क्रमश: लड़कियों और लड़कों के वर्ग में स्वर्ण पदक जीते। लड़कियों के फाइनल में तमिलनाडु ने केरल को 23-25, 11-25, 25-23, 25-18, 15-9 से हराया। पश्चिम बंगाल ने महाराष्ट्र को हराकर कांस्य पदक जीता। लड़कों के अंडर-21 के फाइनल में केरल ने तमिलनाडु को 21-25, 25-15, 25-23, 25-20 से पराजित किया जबकि उत्तर प्रदेश ने पंजाब को हराकर तीसरा स्थान हासिल किया। लड़कियों के अंडर-17 का स्वर्ण पश्चिम बंगाल ने महाराष्ट्र को 25-15, 25-13, 25-14 से हराकर जीता। इस वर्ग में केरल ने कांस्य पदक हासिल किया। उसने तीसरे स्थान के प्लेआफ में तमिलनाडु को हराया। उत्तर प्रदेश ने लड़कों के अंडर-17 में सोने का तमगा जीता। उसने फाइनल में गुजरात को 25-17, 25-20, 25-23 से हराया। इस वर्ग के तीसरे स्थान के मैच में तमिलनाडु ने केरल को पराजित किया।
पारस-सचिन के स्वर्ण से तीरंदाजी में शीर्ष पर हरियाणा
सचिन गुप्ता और पारस हुड्डा ने लड़कों के क्रमश: अंडर-21 और अंडर-17 रिकर्व वर्ग में स्वर्ण पदक जीते जिससे हरियाणा खेलो इंडिया यूथ गेम्स की तीरंदाजी प्रतियोगिता में पदक तालिका में शीर्ष पर रहा। हरियाणा ने तीरंदाजी में दो स्वर्ण, दो रजत और तीन कांस्य पदक सहित कुल सात पदक जीते। गुप्ता ने अंडर-21 वर्ग में आंध्र प्रदेश के बी धीरज को 2-1 से हराया। तेरह वर्षीय हुड्डा ने अंडर-17 वर्ग में अच्छी वापसी की। वह अपने साथी राहुल से एक समय पीछे चल रहे थे लेकिन उन्होंने वापसी करके आखिरी दो सेट जीते। इस बीच महाराष्ट्र की साक्षी शितोल और इशा केतन पवार ने क्रमश: लड़कियों का अंडर-21 रिकर्व और अंडर-17 कंपाउंड वर्ग का स्वर्ण पदक जीता।

शुभजिता

शुभजिता की कोशिश समस्याओं के साथ ही उत्कृष्ट सकारात्मक व सृजनात्मक खबरों को साभार संग्रहित कर आगे ले जाना है। अब आप भी शुभजिता में लिख सकते हैं, बस नियमों का ध्यान रखें। चयनित खबरें, आलेख व सृजनात्मक सामग्री इस वेबपत्रिका पर प्रकाशित की जाएगी। अगर आप भी कुछ सकारात्मक कर रहे हैं तो कमेन्ट्स बॉक्स में बताएँ या हमें ई मेल करें। इसके साथ ही प्रकाशित आलेखों के आधार पर किसी भी प्रकार की औषधि, नुस्खे उपयोग में लाने से पूर्व अपने चिकित्सक, सौंदर्य विशेषज्ञ या किसी भी विशेषज्ञ की सलाह अवश्य लें। इसके अतिरिक्त खबरों या ऑफर के आधार पर खरीददारी से पूर्व आप खुद पड़ताल अवश्य करें। इसके साथ ही कमेन्ट्स बॉक्स में टिप्पणी करते समय मर्यादित, संतुलित टिप्पणी ही करें।