60 की उम्र में नयी शुरुआत करेंगे किशोर बियानी

कोलकाता :  किशोर बियानी अब 60 साल की उम्र के करीब होने जा रहे हैं। दोस्तों में केबी के नाम से मशहूर हैं। 26 साल की उम्र में पैंटालून का पहला स्टोर खोल कर रिटेल की शुरुआत की थी। 59 साल की उम्र में सब कुछ बेचना पड़ा। रिटेल के महारथी केबी की फ्यूचर ग्रुप कम्पनी पर कर्ज को उतारने के लिए इसके अलावा कोई रास्ता नहीं था। कंपनी पेमेंट में डिफॉल्ट हो चुकी थी। ऐसे में मुकेश अंबानी की रिटेल कंपनी ने केबी को इससे उबारने में मदद की।

लंबे समय से फंड चुकाने की जद्दोजहद में केबी सफल हुए। फ्यूचर ग्रुप के तमाम बिजनेस को 24,713 करोड़ रुपए में बेचने में उनको सफलता हाथ लगी। देश में सुविधाजनक रिटेल की शॉंपिंग की शुरुआत करनेवाले केबी ने अपने बिजनेस की शुरुआत 1987 में मेंज वियर को लांच कर की थी। बाद में इसी को पैंटालून का नाम दिया गया।

बियानी ने रिटेल बिजनेस को बचाने के लिए काफी संघर्ष किया। लगातार वे पूंजी जुटाने की कोशिश करते रहे। हालांकि इस प्रतियोगिता के दौर में वे रिलायंस से ठीक उसी तरह पीछे हो गए, जैसे टेलीकॉम में दिग्गज वोडाफोन और एयरटेल को पीछे होना पड़ा। वोडाफोन को अस्तित्व बचाने के लिए आइडिया से हाथ मिलाना पड़ा। आज एयरटेल और वोडाफोन को एजीआर के मामले में फंडिंग के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है जबकि जियो टेलीकॉम में बादशाह बनी हुई है।

साल 2012 में बियानी ने पैंटालून में मेजोरिटी हिस्सेदारी आदित्य बिरला नूवो को 1,600 करोड़ रुपये में बेची थी। इसमें से 800 करोड़ रुपये का कर्ज था। 1992 में उन्होंने इसी पैंटालून को स्टॉक एक्सचेंज पर लिस्ट कराकर विस्तार के लिए पैसे जुटाए थे। हालांकि उसके बाद वे कभी पीछे मुड़कर नहीं देखे। उन्होंने तब से लेकर अब तक लॉजिस्टिक और अन्य सुविधाओं का निर्माण किया।

पिछले साल अगस्त में बियानी ने फ्यूचर कूपंस में 49 प्रतिशत हिस्सेदारी अमेजन को बेची थी। फ्यूचर रिटेल में फ्यूचर कूपंस की 7.3 प्रतिशत हिस्सेदारी थी। बियानी का फ्यूचर ग्रुप वित्तीय संकट में इस साल की शुरुआत में आया। यह तब हुआ जब फ्यूचर रिटेल कर्ज के भुगतान में नाकाम हो गयी। इसके बाद बैंकों ने कंपनी के गिरवी रखे गए शेयरों को जब्त कर लिया। 2019 में फोर्ब्स की लिस्ट में बियानी 80 वें नंबर के सबसे धनवान उद्योगपति थे।

इसी तरह ढेर सारी रेटिंग एजेंसियों ने कम्पनी को डाउनग्रेड भी कर दिया। इसमें स्टैंडर्ड एंड पूअर्स और फिच ने फ्यूचर रिटेल की क्रेडिट रेटिंग को डाउनग्रेड किया। इस समय फ्यूचर ग्रुप के ऊपर 13,000 करोड़ रुपए का कर्ज है। रिलायंस रिटेल के साथ डील के बाद फ्यूचर इंटरप्राइजेज लिमिटेड अभी भी एफएमसीजी सामानों के निर्माण और वितरण के काम में लगी रहेगी। साथ ही इंटीग्रेटेड फैशन सोर्सिंग और मैन्यूफैक्चरिंग बिजनेस में भी रहेगी।

बियानी मुम्बई के एच. आर कॉलेज के छात्र रहे हैं। उनकी यात्रा मुम्बई में 1980 में स्टोन वॉश डेनिम फैब्रिक की बिक्री से शुरू हुई थी। उनका सपना हर किसी तक अपने खुद के लेबल के उत्पाद को पहुंचाना था। कोलकाता से 26 साल की उम्र में पैंटालून से शुरू हुई यात्रा को मुम्बई में बियानी ने खत्म की। अब वे उम्र के छठें दशक से फिर से कुछ नई शुरुआत करेंगे।

शुभजिता

शुभजिता की कोशिश समस्याओं के साथ ही उत्कृष्ट सकारात्मक व सृजनात्मक खबरों को साभार संग्रहित कर आगे ले जाना है। अब आप भी शुभजिता में लिख सकते हैं, बस नियमों का ध्यान रखें। चयनित खबरें, आलेख व सृजनात्मक सामग्री इस वेबपत्रिका पर प्रकाशित की जाएगी। अगर आप भी कुछ सकारात्मक कर रहे हैं तो कमेन्ट्स बॉक्स में बताएँ या हमें ई मेल करें। इसके साथ ही प्रकाशित आलेखों के आधार पर किसी भी प्रकार की औषधि, नुस्खे उपयोग में लाने से पूर्व अपने चिकित्सक, सौंदर्य विशेषज्ञ या किसी भी विशेषज्ञ की सलाह अवश्य लें। इसके अतिरिक्त खबरों या ऑफर के आधार पर खरीददारी से पूर्व आप खुद पड़ताल अवश्य करें। इसके साथ ही कमेन्ट्स बॉक्स में टिप्पणी करते समय मर्यादित, संतुलित टिप्पणी ही करें।