80 साल के बुजुर्ग ने यूपी गवर्नर के नाम कर दी करोड़ों की जमीन

मुजफ्फरनगर । नालायक औलाद से आहत 80 साल के एक बुजुर्ग ने अपनी सारी संपत्ति की वसीयत राज्यपाल के नाम कर दी। वसीयत में यह भी घोषणा की कि उसकी मृत्यु के बाद अंतिम संस्कार में भी उसकी नालायक औलाद शामिल न हो। ये मामला यूपी के मुजफ्फरनगर का है।
मुजफ्फरनगर के बुढ़ाना तहसील के गांव बिराल निवासी 80 वर्षीय बुजुर्ग तत्थू सिंह का भरा पूरा परिवार है। पत्नी की 20 साल पहले बीमारी के चलते मौत हो चुकी है। नत्थू सिंह अपने हाथों से दो बेटों और चार बेटियों का विवाह कर चुके हैं। एक बेटे की मृत्यु हो चुकी है, जबकि दूसरा बेटा सहारनपुर में सरकारी शिक्षक है। पिछले 5 माह से नत्थू सिंह वृद्धाश्रम में रहने को मजबूर हैं। बताया कि यह हालात तब बने, जब उन्हें रोटी भी नसीब होना मुश्किल हो गई। बेटे और पुत्रवधू के व्यवहार से आहत नत्थू सिंह ने बताया कि वह अपने हाथों से रोटी बनाते हैं और खाते हैं। उन्होंने कहा कि उन्होंने अपनी करोड़ों रुपये की लगभग 18 बीघा जमीन की वसीयत प्रदेश के राज्यपाल के नाम कर दी है। वह अपने बेटे को अपनी संपत्ति से बेदखल कर चुके हैं।
‘चाहे गोली मार दो एक बिस्सा ज़मीन नहीं दूंगा’
बेटे की नालायकी से आहत बुजुर्ग नत्थू सिंह ने कहा कि वह अदालत में भी जज के सामने कह चुका है कि चाहे उसे गोली मार दी जाए। एक बिस्सा जमीन किसी को नहीं देगा।
समाज के सामने पेश की है नजीर
80 वर्षीय बुजुर्ग नत्थू सिंह ने बताया कि नालायक औलाद को संपत्ति से बेदखल कर सारी जमीन की वसीयत राज्यपाल के नाम कर दी है। कहते हैं कि समाज के सामने उन्होंने यह एक नजीर पेश की है। आगे कहा कि पूरी चौबीसी में देख लिया जाए, क्या किसी की औलाद इतनी नालायक है? उन्होंने संपत्ति से बेटे को बेदखल कर आदर्श प्रस्तुत किया है, ताकि दूसरों की नालायक औलाद इस बात को समझ ले और प्रेरणा ले कि उनके साथ भी ऐसा हो सकता है।
बेटे बहू पर लगाए गंभीर आरोप
नत्थू सिंह ने कहा कि कई बार उनकी हत्या का प्रयास किया गया। आरोप लगाया कि उन्हें कमरे में बंद कर गला दबाने की कोशिश की गई। किसी तरह बच गए। बताया कि वह अपनी पुत्रवधू को बेटी की तरह मानते थे। हमेशा उसे बेटी कहकर पुकारते थे। आरोप लगाया कि उसने भी उनके साथ गलत व्यवहार किया।

 

शुभजिता

शुभजिता की कोशिश समस्याओं के साथ ही उत्कृष्ट सकारात्मक व सृजनात्मक खबरों को साभार संग्रहित कर आगे ले जाना है। अब आप भी शुभजिता में लिख सकते हैं, बस नियमों का ध्यान रखें। चयनित खबरें, आलेख व सृजनात्मक सामग्री इस वेबपत्रिका पर प्रकाशित की जाएगी। अगर आप भी कुछ सकारात्मक कर रहे हैं तो कमेन्ट्स बॉक्स में बताएँ या हमें ई मेल करें। इसके साथ ही प्रकाशित आलेखों के आधार पर किसी भी प्रकार की औषधि, नुस्खे उपयोग में लाने से पूर्व अपने चिकित्सक, सौंदर्य विशेषज्ञ या किसी भी विशेषज्ञ की सलाह अवश्य लें। इसके अतिरिक्त खबरों या ऑफर के आधार पर खरीददारी से पूर्व आप खुद पड़ताल अवश्य करें। इसके साथ ही कमेन्ट्स बॉक्स में टिप्पणी करते समय मर्यादित, संतुलित टिप्पणी ही करें।